जब भी दुनिया के सबसे बड़े और रहस्यमयी जंगल की बात होती है, तो सबसे पहले अमेज़न रेनफॉरेस्ट का नाम आता है। यह जंगल दक्षिण अमेरिका के नौ देशों में फैला हुआ है, जिसमें ब्राजील, कोलंबिया, पेरू, वेनेजुएला, इक्वाडोर, बोलिविया, गुयाना, सूरीनाम, और फ्रेंच गुयाना शामिल हैं। इसकी विशालता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि यह जंगल करीब 55 लाख वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है। अगर इसकी तुलना करें, तो इसमें भारत जैसे देश का क्षेत्रफल लगभग दो बार समा सकता है।
अमेज़न रेनफॉरेस्ट का महत्व
यह जंगल हमारे ग्रह का “फेफड़ा” माना जाता है क्योंकि यह दुनिया की कुल ऑक्सीजन का करीब 20% उत्पादन करता है। यह कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाता है।
अमेज़न जंगल अकेले अपने दम पर:
- 40,000 से अधिक पौधों की प्रजातियां,
- 1,300 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां,
- 430 से अधिक स्तनधारियों की प्रजातियां, और
- 25 लाख से अधिक कीड़ों की प्रजातियों को आश्रय देता है।
जंगल का मौसम और बारिश की खासियत
अमेज़न रेनफॉरेस्ट को यह नाम इसलिए मिला क्योंकि यहां लगभग हर दिन बारिश होती है। बारिश इतनी घनी होती है कि जमीन तक पानी पहुंचने में 10-15 मिनट लग जाते हैं। इस बारिश की वजह से यहां का वातावरण हमेशा नम रहता है, जो इसे वनस्पतियों और जीव-जंतुओं के लिए स्वर्ग बनाता है।
लेकिन यह घना जंगल अपने खतरों के लिए भी जाना जाता है। यहां दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में से एक ग्रीन एनाकोंडा रहता है, जो 30 फीट लंबा और 250 किलोग्राम तक भारी हो सकता है। यह इतना शक्तिशाली है कि जंगली सूअर, हिरण, और यहां तक कि छोटे मगरमच्छों को भी निगल सकता है।
जंगल का जादुई जीव–जंतु संसार
- ग्लास फ्रॉग (कांच मेंढक): यह मेंढक पारदर्शी होता है, जिससे इसके अंदरूनी अंग आसानी से देखे जा सकते हैं।
- बुलेट ऐंट (गोली चींटी): यह दुनिया की सबसे खतरनाक चींटी मानी जाती है। इसके काटने से ऐसा दर्द होता है, जैसे किसी ने गोली मारी हो।
- इलेक्ट्रिक ईल: यह मछली 860 वोल्ट तक का झटका देने में सक्षम है, जो मगरमच्छ जैसे बड़े जीवों को भी मार सकती है।
- पिंक डॉल्फिन: अमेज़न नदी में पाई जाने वाली यह डॉल्फिन अपनी अनोखी गुलाबी त्वचा और तेज दिमाग के लिए जानी जाती है।
अमेज़न नदी: जीवन का आधार
अमेज़न जंगल के बीच से बहने वाली अमेज़न नदी दुनिया की दूसरी सबसे लंबी नदी है। इसकी कुल लंबाई 6,840 किलोमीटर है। इस नदी में एक सेकंड में करीब 2,19,000 क्यूबिक मीटर पानी बहता है, जो इसे जल प्रवाह के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी नदी बनाता है।
रहस्यमयी उबलती नदी
अमेज़न के जंगलों में एक ऐसी नदी भी है, जिसका पानी हमेशा 96°C तक गर्म रहता है। इसे बॉयलिंग रिवर कहा जाता है। वैज्ञानिक अभी तक यह नहीं समझ पाए हैं कि इस नदी का पानी इतना गर्म क्यों है।
जंगल के मूल निवासी और उनकी अनूठी जीवनशैली
इस जंगल में करीब 600 से अधिक आदिवासी समुदाय रहते हैं। इनमें से कई समुदाय आज भी बाहरी दुनिया से अनजान हैं और प्रकृति पर निर्भर रहकर अपना जीवन यापन करते हैं। इनके लिए अमेज़न जंगल उनका घर, भोजन, और संस्कृति का आधार है।
अमेज़न जंगल के अज्ञात रहस्य
अमेज़न में जियो क्लिप्स नाम के विशालकाय आकार देखे गए हैं, जो जमीन पर बने हैं। इनका आकार इतना बड़ा है कि ये केवल सैटेलाइट से ही देखे जा सकते हैं। यह निशान किसने और क्यों बनाए, यह आज भी एक रहस्य बना हुआ है।
अमेज़न रेनफॉरेस्ट को बचाने की जरूरत
आज अमेज़न जंगल डीफॉरेस्टेशन और मानव गतिविधियों के कारण खतरे में है। हर साल हजारों हेक्टेयर जंगल को काटा जा रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण बल्कि यहां रहने वाले अनगिनत जीव-जंतु और आदिवासी समुदाय भी खतरे में हैं।
अगर अमेज़न को संरक्षित नहीं किया गया, तो इसका प्रभाव सिर्फ दक्षिण अमेरिका तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ेगा।
क्या आप जानते हैं?
हर एक सेकंड में अमेज़न से इतना पानी अटलांटिक महासागर में बहता है, जितना 300 स्विमिंग पूल भरने के लिए पर्याप्त है!
अमेज़न के बारे में आपकी क्या राय है? हमें कमेंट में बताएं!